खगड़िया । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नई दिल्ली में 26 जनवरी को जल-जीवन-हरियाली अभियान की झांकी नहीं दिखाई जायेगी। इसको लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस संबंध में कुछ लोग बिना मतलब की चर्चा में लगे हैं। सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। बिहार से संबंधित चीजों को पहले भी गणतंत्र दिवस की झांकी में दिखाया गया है। देश में कई काम हो रहे हैं, जिन्हें गणतंत्र दिवस की झांकी में दिखाया जायेगा।
मुख्यमंत्री जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड में जागरूकता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 2300 करोड़ रुपये की 368 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
सीएम ने कहा कि आपकी सेवा हमारा धर्म है। जल-जीवन-हरियाली अभियान से बिहार अपने पुराने भूजल स्तर को कायम करेगा और पर्यावरण अनुकूल रहेगा। खगड़िया चारों तरफ पानी से घिरा रहता है। हर हाल में सबके जीवन को बेहतर बनाने एवं यातायात को सुगम करने का काम सरकार ने किया है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी बिहार ने कई कदम उठाए हैं। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर बिहार के छह जिलों के 44 प्रखंडों में स्वयं सहायता समूह का गठन कराया गया, जिसकी संख्या आज नौ लाख पहुंच गई है। हमारा लक्ष्य 10 लाख स्वयं सहायता समूह गठन का है। बिहार की जीविका योजना को केंद्र की यूपीए सरकार ने अपनाकर उसे आजीविका का नाम दिया और देश स्तर पर इसे लागू किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 जनवरी को जल-जीवन-हरियाली अभियान तथा शराबबंदी के पक्ष में, जबकि बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ पूरे बिहार में मानव श्रृंखला बनेगी। इस बार बनने वाली मानव श्रृंखला पहले की सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगी।