अररिया । अररिया में बन रहा इंजीनियरिंग काॅलेज फणीश्वरनाथ रेणु के नाम पर होगा। अररिया रेणु जी की धरती है। छात्र जीवन में उनसे मिला था। उनकी रचना और साहित्य से बहुत कुछ सीखने को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में उक्त घोषणा अररिया में की।
मुख्यमंत्री ने अररिया कॉलेज परिसर में जल-जीवन-हरियाली यात्रा के अंतर्गत 727 करोड़ 93 लाख रुपये की 478 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। जनसभा में उन्होंने कहा कि जल और हरियाली के बीच जीवन है। इस अभियान का मकसद जलवायु परिवर्तन में सुधार, पर्यावरण संकट से छुटकारा एवं सामाजिक जागृति लाना है। जल और हरियाली का संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा ही अक्षय ऊर्जा है। यह हमें पृथ्वी का अस्तित्व बरकरार रहने तक सदैव मिलता रहेगा। कोयले का सीमित भंडार है। इसलिए सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को प्रेरित करेंगे। इसके लिए सभी सरकारी भवन एवं लोगों को अपने-अपने घरों पर सोलर प्लेट लगाने के लिए प्रेरित किया जायेगा।
सीएम ने जीर्णोद्धार किये गये राजा पोखर तालाब, सघन बागवानी (आम), सघन पौधारोपण एवं बॉयोफ्लॉक प्रत्यक्षण इकाई का जायजा लिया। साथ ही मखाना बीज भी वितरित किया गया। जनसभा को सांसद प्रदीप कुमार सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं पूर्णिया प्रमंडल की आयुक्त सफीना एएन ने भी संबोधित किया।