पूर्णिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णिया की गुलाबबाग मंडी की जर्जर स्थिति को दूर करने का निर्देश दिया है। गुलाबबाग मंडी अनाज के कारोबार के लिए सीमांचल में मशहूर है। सीएम ने भूमि अधिग्रहण की दिक्कतों को दूर करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर अगर कोई काम शुरू होता है, तो उसमें आने वाली समस्याओं के समाधान में भी आगे बढ़कर मदद करें।
जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री पूर्णिया प्रमंडल के अंतर्गत जिलों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कटिहार में ऑर्गेनिक फार्मिंग को और अधिक बढ़ाने की जरूरत है। बिहार के जिन 12 जिलों में जैविक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, उसमे कटिहार जिला को भी जोड़ें। अररिया जिले में सार्वजनिक कुंओं का पुनः अध्ययन एवं कटिहार बस स्टैंड को नई जगह पर शिफ्ट कराने का निर्देश दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम, एसपी, जिला परिषद और नगर निकाय अध्यक्षों को बैठक कर समस्याओं के शीघ्र निपटारा करने पर सीएम ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में अगर आहर, पईन, पोखर, तालाब एवं सार्वजनिक कुएं अगर इस अभियान से वंचित रह गये हैं, तो संबंधित विभागों को इसकी सूचना दें। जरूरत हुई, तो सरकार की तरफ से मदद की जायेगी।
समीक्षा बैठक में मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, राम नारायण मंडल, संजय झा, बीमा भारती, विनोद कुमार सिंह एवं कृष्ण कुमार ऋषि, सांसद एवं विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, कई विभागों के प्रधान सचिव, पूर्णिया प्रमंडल की आयुक्त, चारों जिला के डीएम एवं एसपी मौजूद थे।