मुख्य समाचार

बांका की बंजर भूमि पर लग रहे फलदार वृक्ष    

बांका/भागलपुर । बिहार के बांका जिले में सबसे अधिक बंजर भूमि है। कृषि विभाग के प्रयास से बंजर भूमि पर फलदार वृक्ष के पौधे लग रहे हैं। दो सौ एकड़ से अधिक भूमि पर यह कार्य हो चुका है। साथ ही 110 एकड़ से अधिक भूमि पर लेमन ग्रास की खेती की जा रही है। लेमन ग्रास से तेल निकालने के लिए प्लांट भी लग गया है। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उक्त जानकारी डीएम कुंदन कुमार ने दी। सीएम ने बौंसी प्रखंड की चांदन जलाशय योजना (लक्ष्मीपुर गांव) के लिए 5732.55 लाख राशि से संबंधित विभिन्न कार्यों का उद्घाटन किया। 

सीएम को बताया गया कि जिले में बड़े पैमाने पर अर्जुन के पेड़ लगाकर कोकुन तैयार किया जा रहा है। किसान मधु का उत्पादन कर अच्छी आय प्राप्त कर रहे हैं। सहजन एवं जिरो टिलेज से गेहूं की खेती को बढ़ावा मिल रहा है। महिलाएं पावर टिलर एवं ट्रेक्टर  का परिचालन स्वयं करती हैं। इनके लिए कृषि यंत्रों का बैंक बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन्हें सरकारी मदद मुहैया कराएं। पशु चाॅकलेट के रूप में पशुओं को दिये जा रहे पौष्टिक चारा की भी सराहना की गई। 

इस अवसर पर मंत्री राम नारायण मंडल, संजय झा एवं जिले के प्रभारी मंत्री राम सेवक सिंह, सांसद गिरिधारी यादव, मुख्य सचिव, डीजीपी, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली यात्रा के अंतर्गत भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड के चाड़ा बड़गांव में 584 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का उद्घाटन एवं 136 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। बाद में सीएम ने भागलपुर और बांका जिलों की संयुक्त समीक्षा बैठक भागलपुर में की।


संबंधित खबरें