पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों से जल-जीवन-हरियाली अभियान के पक्ष में 19 जनवरी, 2020 को बनने वाली मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान पर्यावरण के प्रति लोगों को जागृत करने के लिए है। लोग जलवायु परिवर्तन को समझ रहे हैं कि इससे नुकसान होने वाला है।
मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में आये लोगों से भी सीएम ने अभियान में शामिल होने की अपील की। सीएम प्रदेश जदयू अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और भाजपा के विधान पार्षद रजनीश कुमार के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए। सीएम ने इस मौके पर तमाम लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी।
सीएम ने कहा कि वशिष्ठ भाई जब पहली बार सांसद बने थे, तभी से मकर संक्रांति पर लोगों को दही-चूड़ा भोज के लिए आमंत्रित करते रहे हैं। वशिष्ठ नारायण सिंह के हार्डिंग रोड स्थित आवास पर भोज में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री नंद किशोर यादव, कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा, अशोक चौधरी, संजय झा, जय कुमार सिंह एवं नीरज कुमार, एमएलसी रणवीर नंदन एवं संजय कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।

एमएलसी रजनीश कुमार के जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर आयोजित भोज में डिप्टी सीएम, मंत्री नंद किशोर यादव एवं अशोक चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।