मुख्य समाचार

सुखद भविष्य के लिए सभी मानव श्रृंखला में हो शामिल

पटना। जल-जीवन-हरियाली अभियान के समर्थन में 19 जनवरी 2020 को राज्यव्यापी मानव श्रृंखला आयोजित की गई है। मानव श्रृंखला का समय 11.30 से 12 बजे है। मानव श्रृंखला नशामुक्ति के पक्ष में और बाल विवाह व दहेज प्रथा उन्मूलन के समर्थन में भी है। 

राज्य सरकार ने राज्यव्यापी मानव श्रृंखला में शामिल होने के लिए बिहारवासी, उद्यमी एवं व्यवसायियों से अपील की है। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) एवं बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने भी अपने सदस्यों से इसमें शामिल होने का आग्रह किया है।    

बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स : बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राज्य के विभिन्न जिला एवं ब्लाॅक स्तर पर चैंबर के सदस्य, व्यावसायिक संगठन एवं एसोसिएट से अपील की है। चैंबर ने कहा है कि जहां भी आपका व्यावसायिक प्रतिष्ठान या घर है। अपनी सुविधानुसार वहां पर स्वयं तो मानव श्रृंखला में शामिल हो। साथ ही अपने परिवार के सदस्य एवं प्रतिष्ठान के कर्मचारियों को भी भाग लेने के लिए प्रेरित करें । 

चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन के साथ 10 जनवरी को बैठक हुई थी। जिन स्थानों पर सामूहिक रूप से उद्यमी एवं व्यवसायी मानव श्रृंखला में शामिल होंगे। उनकी सूची जिला प्रशासन को भेजी गयी है। पटना के प्रमुख स्थल करगिल चौक, पीएमसीएच के पास, रामगुलाम चौक, जीरो माईल, नंदलाल छपरा, गायघाट, एग्जीबिशन रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, पटना सिटी, खाजेकला, न्यू मार्केट एवं पटना मार्केट । 

बीआईए : बीआईए ने अपने सभी सदस्यों से जोरदार अपील की है कि मानव श्रृंखला का हिस्सा बन कर जन-जीवन-हरियाली के लिए जन चेतना जागृत करें। संघ अलग-अलग जगहों पर श्रृंखला में शामिल होगा। 

अध्यक्ष राम लाल खेतान ने कहा है कि यह सभी का दायित्व है कि हम अगली पीढ़ी को ऐसा भविष्य सौंपे, जहां जल-जीवन-हरियाली हो। जीवन को सुरक्षित बनाना है, तो हमें पर्यावरण संरक्षण करना होगा। मेरे नेतृत्व में सदस्य मौर्यलोक काॅम्पलेक्स के नजदीक मानव श्रृंखला में शामिल होंगे।

बीआईए इसके पहले भी सामाजिक कुरीतियों के विरोध में मानव श्रृंखला में शामिल हुआ था। 21 जनवरी 2017 को नशामुक्ति के पक्ष में और 21 जनवरी 2018 को दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन के लिए राज्य में सफल मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया था।  


संबंधित खबरें