पटना/हरिद्वार। गंगा की अविरलता एवं निर्मलता को लेकर नालंदा की साध्वी पद्मावती हरिद्वार में 15 दिसंबर, 2019 से अनशन पर हैं। लंबे समय से जारी अनशन के कारण उनके स्वास्थ्य बिगड़ने की चिंता को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख अनशन तुड़वाने का अनुरोध किया है। 23 वर्षीया साध्वी दो साल पहले संन्यास लेने के बाद हरिद्वार के मातृ सदन में रह रही हैं।
सीएम ने पत्र में लिखा है कि उपरोक्त परिस्थिति में अनुरोध है कि हरिद्वार के मातृसदन में साध्वी पद्मावती के उठाये गये मुद्दों पर सार्थक पहल कर उनका अनशन शीघ्र समाप्त कराने की कृपा की जाये। गंगा की निर्मलता एवं अविरलता के मुद्दे पर आप सचेष्ट हैं । इस विषय पर आपकी प्रतिबद्धता भी है तथा लगातार आप इसके लिए प्रयत्नशील भी हैं।
इधर, जल संसाधन मंत्री संजय झा एवं नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने हरिद्वार जाकर साध्वी तक मुख्यमंत्री का संदेश पहुंचाया। साध्वी ने गंगा की सहायक नदियों मंदाकिनी एवं अलकनंदा पर बन रहे बांधों का निर्माण रोके बिना अनशन तोड़ने से इंकार कर दिया। हालांकि सीएम की चिंता और गंगा की अविरलता को लेकर उनके समर्थन के प्रति आभार भी जताया। इस मौके पर जल पुरुष राजेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
जल पुरुष ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के समर्थन में 19 जनवरी को बनी मानव श्रृंखला के दिन मुख्यमंत्री को साध्वी पद्मावती के प्रयास एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी थी।