मुख्य समाचार

उद्योगपति बिहार में करें निवेश, सरकार करेगी आपकी मदद   

पटना। पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने उद्योगपतियों से बिहार में निवेश की अपील की है। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए आवश्यक संसाधन बेहतर सड़क एवं पर्याप्त बिजली यहां उपलब्ध है। लाॅ एंड ऑर्डर भी नियंत्रण में है। बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने के लिए राज्य सरकार गंभीर है। नंद किशोर यादव गांधी मैदान में आयोजित औद्योगिक प्रदर्शनी डेस्टीनेशन बिहार-एक्सपो 2020 के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पांच दिवसीय एक्सपो का आयोजन बिहार उद्योग संघ ने किया है।    

पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों को राज्य की प्रगति एवं औद्योगिक छवि की जानकारी मिलती है। हालांकि बढ़ते बिहार के अनुरूप राज्य का औद्योगिक विकास नहीं हुआ है। विकास में बिहार उद्योग संघ की बड़ी जिम्मेवारी है। सरकार की कई नीतियों में बीआईए के सुझावों को समाहित किया गया है। 

राज्य में कृषि आधारित उद्योगों के विकास की काफी संभावना है। उद्योग लगाने में कच्चे माल की उपलब्धता का महत्व है। अच्छी सड़क होने के कारण सूबे के किसी हिस्से से कच्चा माल मंगाना आसान हो गया है। वर्तमान में राज्य के किसी जिले से पटना छह घंटे में पहुंचा जा सकता है। सरकार का लक्ष्य इसे पांच घंटा करने का है। इसके लिए सभी आवश्यक कार्य किये जा रहे हैं।  

श्री सीमेंट के वाइस प्रेसिडेंट श्रीनाथ सवूर ने कहा कि बिहार में यूनिट लगाने में राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिला। हमें खुशी है कि पूर्वी भारत की सबसे बड़ी यूनिट बिहार के औरंगाबाद में है।    

एडिशनल साॅलिस्टर जनरल समदर्शी संजय, बीआईए के अध्यक्ष राम लाल खेतान, एक्सपो ऑर्गेनाइजिंग कमिटी के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल एवं मनीष तिवारी ने अपने विचारों को रखा। समारोह में बिहार एवं अन्य राज्यों से आये कारोबारी मौजूद थे।   


संबंधित खबरें