सबौर,भागलपुर।बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर से संचालित सामुदायिक रेडियो स्टेशन एफ. एम. ग्रीन ने विश्व रेडियो दिवस मनाया। 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस के तौर पर यूनेस्को की घोषणा को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मंजूरी दी थी। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत दो सामुदायिक रेडियो संचालित किये जा रहे हैं। इनमें एक कृषि विज्ञान केंद्र बाढ़, पटना और दूसरा सबौर कैंपस है।
वर्ल्ड रेडियो डे 2020 का विषय रेडियो और विविधता है। इस मौके पर कुलपति डॉ अजय कुमार सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में जहां संचार के कई माध्यम आ गये हैं वहीं रेडियो आज भी संचार का विश्वसनीय, सस्ता और सुलभ माध्यम है। एफ.एम. ग्रीन की स्थापना पिछले वर्ष 5 अगस्त को हुई थी। तब से कई लोकप्रिय कार्यक्रम एफ.एम. ग्रीन पर प्रसारित किये जा रहे हैं।
इनमे किसानों के लिए कृषक मंच, महिलाओं के लिए महिला जगत एवं युवाओं के लिए करियर प्वाइंट प्रमुख हैं। शीघ्र ही इस केंद्र से भागलपुर की लोक संस्कृति और मनोरंजन पर आधारित कार्यक्रम अंग-उमंग का भी प्रसारण शुरू किया जायेगा।
प्रसार शिक्षा निदेशक डाॅ आरके सोहाने ने कहा कि यह एक सामुदायिक रेडियो है। इसलिए इसमें स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अब एफ. एम. ग्रीन के कार्यक्रम स्टूडियो के अलावा सीधे गांव और चौपाल से बनाये जायेंगे। प्रभारी मीडिया सेंटर ईश्वर चंद्र एवं एफएम ग्रीन के अनु झा ने भी अपने विचारों को रखा।