पटना। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा है कि आधुनिक खेती में कृषि यंत्रों का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य सरकार इसे बढ़ावा देने के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान दे रही है। पूर्वी भारत के सबसे बड़े कृषि यांत्रिकरण मेले एग्रो बिहार 2020 में उन्नत कृषि यंत्रों के प्रदर्शन के साथ इसकी बिक्री भी की जा रही है। कृषि मंत्री गांधी मैदान में आयोजित एग्रो बिहार के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
चार दिवसीय एग्रो बिहार 2020 का आयोजन कृषि विभाग एवं इंडियन चैंबर ऑफ काॅमर्स ने किया है। एग्रो बिहार का आयोजन वर्ष 2011 से लगातार हो रहा है। प्रदर्शनी में इजराइल की तीन कंपनियां एवं देश के कई राज्यों के करीब एक सौ कृषि यंत्र निर्माता अपने प्रोडक्ट के साथ आये हैं। इसके अलावा किसानों को पौधा एवं भूमि संरक्षण की जानकारी भी मिलेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी में फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों का विशेष रूप से प्रदर्शन किया गया है। राज्य सरकार किसानों को फसल अवशेष जलाने के बदले उन्हें खेतों में ही प्रबंधन कर खाद के रूप में उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
इसके लिए कई आधुनिक कृषि यंत्र जैसे हैप्पी सीडर, बिना रैक का स्ट्राॅ बेलर, स्ट्राॅ रीपर, सुपर सीडर, रोटरी मल्चर एवं स्ट्राॅ मैनेजमेंट सिस्टम पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। सामान्य वर्ग के किसानों के लिए 75 प्रतिशत, एससी-एसटी किसानों के लिए 80 प्रतिशत अनुदान और स्वचालित ट्रेक्टर चालित रीपर कम बाइंडर पर 50 प्रतिशत अनुदान की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि विभाग के सचिव डाॅ एन. सरवण कुमार, निदेशक आदेश तितरमारे, विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय, उद्यान निदेशक नंद किशोर समेत विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।