पटना। बिहार में उत्पादित फल एवं सब्जियों के निर्यात के लिए पटना में आधुनिक पैक हाऊस का निर्माण होगा। पैक हाउस एपीडा की गाईड लाईन के अनुसार तैयार होगा। 2019-20 में निर्माण पर 373.80 लाख राशि खर्च की जायेगी। योजना की नोडल एजेंसी राज्य बागवानी मिशन होगी। पैक हाऊस की स्थापना के बाद इसका संचालन पीपीपी मोड में होगा।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि पटना के मीठापुर स्थित कृषि अनुसंधान संस्थान परिसर में पैक हाऊस बनेगा। इसमें राज्य में उत्पादित फल एवं सब्जियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप छंटाई, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग कर निर्यात किया जायेगा। मीठापुर स्थित कृषि अनुसंधान संस्थान बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के अधीन है।
उन्होंने कहा कि पैक हाऊस की स्थापना से किसानों को काफी लाभ होगा। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिहार के फल एवं सब्जियों की ब्रांडिंग होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। अभी तक राज्य के फल एवं सब्जी को अन्य राज्यों में स्थित एक्सपोर्ट पैक हाऊस के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजा जाता है। पैक हाऊस की स्थापना होने से बिहार को देश के अग्रणी निर्यातक राज्यों की सूची में शामिल कराया जायेगा। यह बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए आवश्यक है।