पटना। फरवरी में आयोजित किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) परिपूर्णता अभियान में शामिल नहीं होने वाले किसान कागजात के साथ बैंक शाखा में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें जमीन एवं बोई गई फसल की विवरणी बैंक में देनी होगी। वैसे किसान जिनके पास पहले से केसीसी है, वे पशुधन और मत्स्यपालन को भी स्वीकार्य सीमा में शामिल करवा सकते हैं। भारतीय बैंक संघ (आईबीए) तीन लाख तक के कृषि ऋण के लिए सभी तरह के शुल्क पर छूट दे रहा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को केसीसी की सुविधा दी जानी है। इसके लिए 12 से 27 फरवरी तक चलाये गये केसीसी परिपूर्णता अभियान में 2,93,112 किसानों ने बैंकों में आवेदन दिया है। बैंकों ने अब तक 29 हजार आवेदनों को केसीसी के लिए स्वीकृत किया है। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि बिहार में अब तक 39,23,655 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध है। इस अभियान से किसानों को और अधिक केसीसी उपलब्ध हो सकेेगा।