पटना। 11 जिलों के किसानों को कृषि इनपुट अनुदान देने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। इन जिलों में इस साल फरवरी माह में असमय वर्षा, आंधी एवं ओलावृष्टि से फसलों को क्षति हुई है। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। आवेदन की अंतिम तिथि 23 मार्च, 2020 है। 11 जिलों में पटना, गया, भागलपुर, औरंगाबाद, बक्सर, जहानाबाद, कैमूर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर एवं वैशाली शामिल हैं।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि प्रभावित जिलों के किसानों को अनुदान केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मिलेगा। किसानों को कृषि इनपुट अनुदान असिंचित फसल क्षेत्र के लिए 6,800 रुपये प्रति हेक्टेयर एवं सिंचित क्षेत्र के लिए 13,500 रूपये प्रति हेक्टेयर की दर से दिया जायेगा। अनुदान अधिकतम दो हेक्टेयर जमीन के लिए एवं न्यूनतम एक हजार रुपये देने का प्रावधान है।
कृषि इनपुट अनुदान की राशि किसानों को उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में ही भेजी जायेगी। जो किसान पहले से रजिस्टर्ड नहीं हैं। वे कृषि विभाग की वेबसाइट पर दिये गये लिंक पर लाॅग-ईन कर अपना पंजीकरण करा लें। इसके लिए ई-किसान भवन, काॅमन सर्विस सेंटर एवं वसुधा केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 1,41,853 किसानों ने कृषि इनपुट अनुदान के लिए आवेदन किया है।