मुख्य समाचार

आटा, बिस्कुट एवं मैदा फैक्ट्रियों के निरीक्षण का निर्देश

पटना। आटा, बिस्कुट एवं मैदा बनाने वाली फैक्ट्रियों का निरीक्षण करने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने दिया है। जमाखोरी की लगातार मिल रही शिकायत के मद्देनजर प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि उद्योग विभाग के महाप्रबंधक फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सिविल एसडीओ को देंगे। यदि फैक्ट्री मालिकों को संचालन में कोई परेशानी आ रही है, तो उसे भी शीघ्र दूर किया जायेगा। पशु चारा की आपूर्ति पर नजर रखने की जिम्मेवारी पशुपालन अधिकारी को दी गई है। 

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि यद्यपि मार्केट में पर्याप्त मात्रा में दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री उपलब्ध है। फिर भी किसी दुकानदार ने जमाखोरी एवं कालाबाजारी की तो, उस पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। इसके लिए सभी एसडीओ एवं स्पेशल राशनिंग ऑफिसर को अधिकृत किया गया है।

आयुक्त ने लाॅकडाउन की स्थिति में जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। साथ ही कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए भी कई आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में आईजी, डीएम, एसएसपी, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, सभी एसडीओ, सभी कोषांगों के प्रभारी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे। 

बैठक में जिला एवं अनुमंडल स्तर पर क्वेरेंटाइन सेंटर के लिए जगह चिन्हित करने, दवा की सप्लाई एवं सब्जी-फल मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन कराने पर चर्चा हुई। प्रमंडलीय आयुक्त ने विपदा की घड़ी में सभी अधिकारी, डाॅक्टर एवं कर्मियों से टीम भावना से कार्य करने की अपील की है।  
 


संबंधित खबरें