पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी डीएम को निर्देश दिया है कि रबी फसल की कटाई में किसान एवं मजदूरों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिये जिलाधिकारी स्वयं माॅनिटरिंग करें। कोरोना संक्रमण से बचाव की समीक्षा बैठक में सीएम ने कई निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक सेवाओं की सप्लाई चेन हर हाल में बनी रहे। जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखें और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। कोरोना संक्रमण नियंत्रण कार्य में डाॅक्टर, हेल्थ वर्कर, पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी, सफाईकर्मी एवं अन्य वर्कर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इन लोगों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न करें। ये लोग प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर देश और समाज के लिये काम कर रहे हैं। हम सभी का दायित्व है कि इनका उत्साह बढ़ाएं।
उन्होंने राज्य में चलाये जा रहे राहत कैंपों में भोजन की गुणत्ता पर जोर दिया। इस कार्य के लिये राशि की कोई कमी नहीं होेने दी जायेगी। केंद्र सरकार एवं निजी आपूर्तिकर्ताओं से समन्वय कर आगामी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये आवश्यक दवा एवं उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया। संदिग्ध कोरोना मरीजों के संपर्क वाले क्षेत्रों में सघन रूप से ट्रेसिंग, टेस्टिंग एवं ट्रैकिंग कराने एवं जरूरत होने पर अस्पतालों को बढ़ाने पर जोर दिया ।