पटना। बिहार में अब तक 72 प्रतिशत गेहूं की कटाई हो चुकी है। इस साल राज्य में 22,70,616 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती हुई थी। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भागलपुर, दरभंगा एवं कोसी प्रमंडल में 82 प्रतिशत, मुंगेर प्रमंडल में 81 प्रतिशत, पूर्णियां प्रमंडल में 77, तिरहुत प्रमंडल में 73, मगध प्रमंडल में 62 प्रतिशत, पटना प्रमंडल में 58 प्रतिशत एवं सारण प्रमंडल में 55 प्रतिशत क्षेत्र में गेहूं की कटनी हुई है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि अधिकतर जिलों में पारंपरिक तरीके से गेहूं की कटनी हो रही है। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के अधिकारी किसानों की सहायता में जुटे हैं। मुख्यालय स्तर से इसकी नियमित माॅनिटरिंग भी हो रही है। उन्होंने किसानों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि पटना एवं मगध प्रमंडल में गेहूं की कटनी में कंबाइन हार्वेस्टर का उपयोग अधिक होता है। राज्य में कंबाईन हार्वेस्टर के अधिकतर चालक पंजाब एवं उत्तर प्रदेश से आते हैं। लाॅकडाउन में उनके लिए पास की व्यवस्था थी। जिन चालकों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी, उन्हें फसल कटाई कार्य में लगाया गया है। इससे इन क्षेत्रों में गेहूं की कटनी में तेजी आयी है।