मुख्य समाचार

कोटा मामले में केंद्र जारी करे निर्देश : सीएम 

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोटा (राजस्थान) से छात्रों को लाने के संबंध में केंद्र सरकार आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे। केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है। गृह मंत्रालय के सेंट्रल डिजास्टर एक्ट के अनुसार अंतर्राज्यीय आवागमन पर प्रतिबंध है। जब तक नियमों में संशोधन नहीं होगा तब तक किसी को वापस बुलाना नियम संगत नहीं है। 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों के कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किये जा रहे कार्य एवं आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा एवं देश के अन्य हिस्सों में बिहार के छात्र बड़ी संख्या में पढ़ते हैं। बाहर फंसे लोगों ने फोन से आपदा प्रबंधन विभाग, नई दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी समस्याएं बतायीं हैं। अब तकएक लाख से अधिक कॉल्स एवं मैसेज आ चुके हैं। ऐसे लोगों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम किया जा रहा है। 

सीएम ने कहा कि देश कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एकजुट होकर अच्छा काम कर रहा है। लॉकडाउन कब तक जारी रहना है। यह निर्णय केंद्र सरकार को करना है। इस मामले में विशेषज्ञों की राय ली जा सकती है। केंद्र सरकार का लॉकडाउन के संबंध में जो भी फैसला होगा। हम उसका पालन करेंगे।

कोरोना के इलाज के लिये बिहार को अतिरिक्त वेंटीलेटर एवं टेस्टिंग किट्स की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेरा निवेदन है कि जो भी लोग बाहर से बिहार भेजे जा रहे हैं। उनकी पहले स्वास्थ्य जांच होनी चाहिए। राज्य में बाहर से कुछ लोग अभी भी आ रहे हैं। इनमें कई संक्रमित पाये गये हैं और उनके माध्यम से अन्य लोग भी संक्रमित हो रहे हैं।
 


संबंधित खबरें