मुख्य समाचार

श्रमिकों को रेल किराया समेत मिलेगी एक हजार राशि 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार आने वाले प्रत्येक प्रवासी श्रमिकों को न्यूनतम एक हजार रुपये मिलेगा। इस राशि में रेल किराया, अन्य खर्च एवं राज्य सरकार की ओर से पांच सौ रुपये शामिल है। 21 दिनों तक क्वारंटाइन सेंटर में रहने के बाद श्रमिकों को पूरी राशि मिल जायेगी। कोटा से आने वाले छात्रों के लिए भी यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो लोग बाहर से आ रहे हैं। उन्हें क्वारंटाइन सेंटर में रहने के लिए प्रेरित करें। यह सबके लिए उपयोगी है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी बाहर फंसे बिहार के लोगों को एक-एक हजार राशि दी गई है। लगभग 19 लाख लोगों के खाते में राशि भेजी गई है। कुछ लोगों का आवेदन बचा है। उसकी भी जांच कर शीघ्र राशि भेज दी जायेगी। 

बाहर से आने वाले लोगों को संबंधित स्टेशन में स्क्रीनिंग के बाद उनके प्रखंड मुख्यालय बस से भेजा जायेगा। वहां उनके लिए बने क्वारंटाइन सेंटर में 21 दिनों तक रहने, भोजन एवं चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। साथ में स्नानागार, शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था है। सीएम ने कहा कि बाहर से आने वाले कुछ लोगों के कारण संक्रमण बढ़ा है। इसके बावजूद भयभीत होने की नहीं, सजग रहने की जरूरत है। 


संबंधित खबरें