मुख्य समाचार

व्यापारियों की परेशानियों को लेकर सरकार चिंतित : कृषि मंत्री   

पटना। लॉकडाउन में कृषि के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों के समाधान के लिए कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने काॅन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के साथ बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक में बिहार के प्रमुख व्यापारी शामिल हुए। बैठक में कृषि उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाने एवं इससे जुड़े व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। 

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार व्यापारियों के प्रति चिंतित और संवेदनशील भी है। लाॅकडाउन के कारण व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। इसके बावजूद व्यवसायियों ने जिस तरह लाॅकडाउन को सफल बनाने में योगदान दिया है, वह सराहनीय है। कई व्यापारियों ने आपदा पीड़ितों की काफी सेवा की है। 

उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन के कारण कृषि, पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को कम से कम नुकसान हो। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में व्यवसायियों ने माप-तौल उपकरणों की मरम्मत एवं बिक्री से संबंधित दुकानों को खोलने की अनुमति एवं माप-तौल निबंधन की ऑनलाइन व्यवस्था का सुझाव दिया है। सरकार इस पर गंभीरता से विचार करेगी। माप-तौल निबंधन नवीनीकरण की तिथि पहले ही जून तक बढ़ा दी गई है।

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालकृष्ण भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा, जयनगर मंडल अध्यक्ष प्रीतम बेरोलिया, वैशाली अध्यक्ष मनोज कुमार निराला एवं पवन सुरेखा समेत कई व्यवसायी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें