मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री 12 मई की रात आठ बजे देश को करेंगे संबोधित 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मई (मंगलवार) की रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। 
25 मार्च से देश में जारी लाॅकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त हो रहा है। कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री आगे की रणनीति की घोषणा कर सकते हैं। 

11 मई को सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में पीएम ने कहा कि देश के सामने दोहरी चुनौती है। बीमारी के संक्रमण की दर को कम करना एवं सभी निर्देशों का पालन करते हुए सार्वजनिक गतिविधियों को धीरे-धीरे बढ़ाना। उन्होंने कहा कि हमें दोनों ही उद्देश्यों की पूर्ति करने की दिशा में काम करना होगा। अर्थव्यवस्था पर एक रोडमैप तैयार करने के लिए राज्यों के सुझावों पर विमर्श किया गया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लॉकडाउन को क्रमबद्ध ढंग से हटाने पर गौर कर रहे हैं, लेकिन हमें यह याद रखना चाहिए कि जब तक हम कोई वैक्सीन या समाधान नहीं ढूंढ लेते हैं, तब तक वायरस से लड़ने के लिए हमारे पास सबसे बड़ा हथियार सामाजिक दूरी बनाये रखना ही है। उन्होंने यह भी कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 के फैलाव को रोकने का प्रयास करना चाहिए।
 


संबंधित खबरें