मुख्य समाचार

बिहार में बड़े निवेश के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज की मांग

पटना। बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने कहा है कि देश के बड़े निवेशकों को बिहार में आकर्षित करने के लिए सरकार की ओर से विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा होनी चाहिए। बिहार एक उपभोक्ता राज्य है। राज्य में कोई बड़ी इंडस्ट्री नहीं है। 

यदि बड़ी औद्योगिक इकाई जैसे स्टील, पेट्रोकेमिकल, मोबाइल, लैपटाॅप एवं कंप्यूटर की यूनिट बिहार में लगती हैं, तो कई सहायक यूनिट लगेंगी। इससे राज्य की आर्थिक गतिविधि बढ़ेगी। लोगों को रोजगार मिलेगा एवं सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी। 

चैम्बर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए केंद्र के राहत पैकेज की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संदेश में लोकल प्रोडक्ट्स खरीदने के साथ उनके प्रचार पर भी जोर दिया है । 

अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में मानव संसाधन के साथ कृषि उत्पाद प्रचूर मात्रा में उपलब्ध हैं। मक्का के उत्पादन में बिहार देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। मक्का को प्रोसेस करके काफी चीजें जैसे काॅर्न फलैक्स, पोपकाॅर्न, मट्ठी, कुरकुरे, पापड़ी, अरारोट एवं दलिया बनाये जा सकते हैं।

कृषि आधारित उद्योग की काफी संभावनाएं हैं। आम, मखाना, लीची, मक्का एवं टमाटर प्रचूर मात्रा में सहज उपलब्ध है। उपजाऊ जमीन एवं जनसंख्या घनत्व अधिक होने के कारण राज्य में उद्योग के लिए जमीन कम है। इसके बावजूद यहां निवेश की काफी संभावनाएं हैं। 
 


संबंधित खबरें