मुख्य समाचार

बिहार के विकास में भागीदार बनें प्रवासी : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रवासियों से कहा है कि वे बिहार में ही रहें। अपने श्रमबल एवं स्किल का उपयोग कर बिहार के विकास में भागीदार बनें। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाहर से आये सभी लोगों को बिहार में ही रोजगार दें। इच्छुक लोगों का जॉब कॉर्ड बनवाकर उनके स्किल के अनुसार काम उपलब्ध कराएं। इससे नये उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं को जीविका से भी जोड़ने का निर्देश दिया गया। 

मुख्यमंत्री ने 10 जिलों के 20 क्वारंटाइन केंद्रों पर दी जा रही सुविधाओं की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से जानकारी ली। केंद्रों में पेयजल, रसोईघर, रहने की व्यवस्था एवं सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बाहर से आये लोगों से अपील की है कि सभी को क्वारंटाइन में रहना जरूरी है। यह सभी के हित में है। सभी सोशल डिस्टेंशिंग का पालन करें। पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, रोहतास, गया, पूर्णिया एवं बेगूसराय के डीएम ने क्वारंटाइन केंद्रों से अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।

पेवर ब्लाॅक उद्योग की संभावना : बेतिया के बाल सुधार गृह केंद्र पर गुरुग्राम से आये रामबली ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेवर ब्लॉक के बेहतर कारीगर हैं। अब तक इस सेंटर पर सात हजार पेवर ब्लॉक बना चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेवर ब्लाॅक उद्योग की बिहार में बड़ी संभावना है। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली, घर तक पक्की गली-नालियां एवं अन्य योजनाओं में पेवर ब्लाॅक के इस्तेमाल का निर्देश दिया।

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, प्रधान सचिव चंचल कुमार एवं उदय सिंह कुमावत, सचिव मनीष कुमार वर्मा, अनुपम कुमार, लोकेश कुमार सिंह एवं ओएसडी गोपाल सिंह उपस्थित थे।


संबंधित खबरें