मुख्य समाचार

एसएलबीसी की बैठक 15 जून को, सीएम भी होंगे शामिल 

पटना। 2020-21 की पहली राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक 15 जून को होगी। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि बैठक में पिछले वर्ष की राज्य साख योजना की उपलब्धि एवं केंद्रीय पैकेज के तहत बिहार में ऋण वितरण की स्थिति की गहन समीक्षा की जायेगी। 

बैंकों ने वर्ष 2019-20 के लिए निर्धारित 1.45 लाख करोड़ की वार्षिक राज्य साख योजना के विरुद्ध 1.05 लाख करोड़ का ही कर्ज वितरित किया। इससे मात्र 72.69 फीसदी ही लक्ष्य हासिल हो सका जबकि 2018-19 में बैंकों ने 84.29 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया था। 2018-19 में 1.09 लाख करोड़ का ऋण वितरित किया गया। 

डिप्टी सीएम ने बताया कि बैठक में 2018-19 की तुलना में 2019-20 में कृषि, एमएसएमई सहित अन्य क्षेत्रों में बैंकों के कम ऋण वितरण पर चर्चा होगी। साथ ही 22 जिलों की साख उपलब्धि राज्य साख योजना की उपलब्धि से भी कम रहने की समीक्षा की जायेगी। 

देश में एमएसएमई प्रक्षेत्र को 3 लाख करोड़ ऋण देने के प्रावधान के तहत बिहार में कितनों को ऋण मिला। किसान, मछुआरों एवं दूध उत्पादकों को केसीसी, स्वयं सहायता समूह, फुटपाथी दुकानदारों को कर्ज, मुद्रा के तहत शिशु लोन एवं ऋण अदायगी के लिए मोरेटोरियम की स्थिति पर भी चर्चा होगी।
 


संबंधित खबरें