मुख्य समाचार

बिहार के हर व्यक्ति का खुले बैंक खाता : डिप्टी सीएम 

पटना। एसएलबीसी की बैठक में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बैंकों को बिहार के प्रत्येक व्यक्ति का बैंक खाता खोलने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि बैंक नई शाखा, ग्राहक सेवा केंद्र और नई एटीएम लगाने की भी कार्ययोजना बनाये ताकि बिहार के सभी गांवों को इसका लाभ मिल सके। 

बैठक के बाद वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि बिहार के 12 लाख दूध उत्पादक किसान, फिशरी, पाॅल्ट्री एवं पीएम किसान निधि में निबंधित किसानों को केसीसी देने का निर्देश दिया गया। वार्षिक साख योजना की उपलब्धि एवं साख-जमा अनुपात में कमी पर नाराजगी जतायी गयी। साख-जमा अनुपात 2018-19 की 44.09 फीसदी की तुलना में 2019-20 में 43.03 प्रतिशत रहा। वार्षिक साख योजना की उपलब्धि भी पिछले वर्ष से 11.60 प्रतिशत कम थी। 

डिप्टी सीएम ने बताया  कि बिहार में 10 करोड़ 12 लाख सक्रिय बैंक खाते हैं। लाॅकडाउन के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकारों ने 14,300 करोड़ रुपये बिना किसी बिचौलिये के सीधे जनधन खातों में भेजे हैं। सरकार बड़े पैमाने पर लोगों का आधार कार्ड बनवा रही है। 

बैंकों को निर्देश दिया गया है कि 31 जुलाई तक विशेष अभियान चला कर मिल्क यूनियन से जुड़े 12 लाख किसानों को केसीसी के तहत बिना किसी बंधक के लोन दें। ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 1209 एटीएम हैं। एसएचजी से जुड़ी महिलाओं को बैंक सखी बनाने के साथ सभी गांवों में सीएससी की सुविधा उपलब्ध कराएं।
 


संबंधित खबरें