पटना/नई दिल्ली। देश में गरीब कल्याण रोजगार अभियान की शुरुआत बिहार के खगड़िया जिले से हो रही है। अभियान जिले के बेलदौर प्रखंड के तेलिहार गांव में लांच होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून की सुबह 11 बजे बिहार के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान में बिहार के 32 जिले शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने घर लौटे प्रवासी श्रमिक और ग्रामीणों को आजीविका के अवसर प्रदान करने के लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान में छह राज्य बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा को चुना गया है।
कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए छह राज्यों के 116 जिलों के गांव सार्वजनिक सेवा केंद्र और कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से इस कार्यक्रम में जुड़ेंगे। 125 दिनों का यह अभियान मिशन मोड में चलाया जायेगा। 50 हजार करोड़ रुपये के फंड से प्रवासी श्रमिकों को रोजगार देने के लिए 25 तरह के कार्यों का तीव्र क्रियान्वयन होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का निर्माण भी होगा।
अभियान 12 मंत्रालय ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, खान, पेयजल और स्वच्छता, पर्यावरण, रेलवे, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, सीमा सड़क, दूरसंचार और कृषि का एक समन्वित प्रयास होगा।