मुख्य समाचार

नदियों को जोड़ने की संभावना पर काम शुरू करने का निर्देश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया है कि नदियों को जोड़ने की संभावनाओं को तलाशें । साथ ही मॉनसून के दौरान बारिश के पानी के अधिक से अधिक संचय एवं सिंचाई के लिए सतही जल के उपयोग के लिए भी योजना बनाएं। जल संसाधन विभाग के साथ समीक्षा बैठक में सीएम ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग के उपयोग से भूजल स्तर बढ़ाने एवं आहर, पईन एवं पोखर के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर खेत तक पानी पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। सिंचाई की क्षमता एवं लक्ष्य के सही आंकलन के लिए पूरे राज्य में प्लाॅट वार सर्वे कराने का उन्होंने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए इच्छुक किसानों को एग्रीकल्चर फीडर के जरिये बिजली कनेक्शन दिये जा रहे हैं ।

स्टेट ट्यूबवेल पंचायतों को भेज दिये गये हैं। इससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी। चौर क्षेत्र के एक भाग में जल संचय के लिए नीचे मछली एवं ऊपर बिजली के कॉन्सेप्ट एवं दूसरे भाग में फल, सब्जी एवं अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा दें। इससे किसानों को दोगुना लाभ होगा। 

सीएम ने बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना फेज-3 बी एवं 5 के संबंध में तटबंधों की मजबूती के लिए आयरन सीट पायलिंग का प्रयोग एवं कुशेश्वर स्थान में बाढ़ सुरक्षा कार्य को शीघ्रता से पूरा करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, सचिव संजीव हंस, एन. सरवन कुमार, मनीष कुमार वर्मा, अनुपम कुमार एवं ओएसडी गोपाल सिंह मौजूद थे।


 


संबंधित खबरें