मुख्य समाचार

लॉकडाउन को प्रभावी बनाएं, मास्क का प्रयोग अनिवार्य 

पटना। पटना जिला में लॉकडाउन को प्रभावी बनाने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने दिया है। उन्होंने सड़क पर रोको-टोको, वाहनों के सघन चेकिंग एवं मास्क का अनिवार्य प्रयोग कराने पर जोर दिया। ड्राइवर एवं यात्री दोनों को मास्क पहनना अनिवार्य है। ज्ञात हो कि पटना जिले में सात दिनों का लाॅकडाउन 10 जुलाई से 16 जुलाई तक है।  

प्रत्येक व्यक्ति को सैनिटाइजर का अनिवार्य प्रयोग, दो गज की दूरी मेंटेन करने एवं मास्क नहीं पहनने पर 50 रुपये जुर्माना का भी निर्देश दिया गया। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को इसके अनुपालन की जिम्मेवारी दी गई है। लॉकडाउन के प्रभावी कार्यान्वयन एवं कोविड केयर सेंटर में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला प्रशासन के साथ बैठक की। 

प्रमंडलीय आयुक्त ने लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक बाहर नहीं निकलने एवं भीड़ इकट्ठा नहीं करने की जानकारी के लिए जागरूकता अभियान चलाने एवं माइकिंग का भी निर्देश दिया। कोरोना संक्रमण की बढ़ती स्थिति को देखते हुए आइसोलेशन सेंटर की क्षमता बढ़ाने एवं नये भवनों को चिन्हित करने पर भी बैठक में चर्चा हुई । 

बैठक में डीएम कुमार रवि, एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा, नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, डीडीसी रिची पांडेय, सिविल सर्जन डॉ राज किशोर चौधरी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें