मुख्य समाचार

केंद्र से संयुक्त सचिव के नेतृत्व में टीम आयेगी बिहार

नई दिल्ली। बिहार में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने संयुक्त सचिव के नेतृत्व में उच्च स्तरीय टीम बिहार भेजने का निर्णय लिया है। टीम स्टेट अथॉरिटी के साथ मिलकर कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के उपायों पर काम करेगी। 

इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने स्वास्थ्य सचिव प्रीति सुदान, विशेष कार्य अधिकारी राजेश भूषण एवं संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के साथ बैठक की। बैठक में टेस्टिंग, कंटेंटमेंट जोन एवं हॉट स्पॉट जिलों पर चर्चा हुई। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय की नजर बिहार की स्थिति पर है। मंत्रालय की एक टीम बिहार पहुंच चुकी है। दूसरी उच्च स्तरीय टीम रविवार को संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचेगी। टीम में नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के निदेशक डॉ एस. के. सिंह एवं एम्स मेडिसिन के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ नीरज निश्चल भी हैं। 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता बिहार को उपलब्ध करा रही है। टेस्टिंग को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय पूरी सहायता उपलब्ध करायेगा। राज्य सरकार भी काफी गंभीर है। कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं। बिहारवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। मौजूदा समय में डरे नहीं बल्कि धैर्य से काम लें। साथ ही बचाव के लिए जारी गाइडलाइन का पालन करें। कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग में सावधानी सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। प्रशासन का सहयोग करें, जागरूक रहें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
 


संबंधित खबरें