पटना। बिहार के 11 जिलों के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश एवं वज्रपात की चेतावनी जारी की है। अत्यधिक बारिश का सर्वाधिक प्रभाव नेपाल के समीप एवं अन्य जिलों पर पड़ने की आशंका है। ये जिले सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया एवं किशनगंज हैं। बिजली चमकने या गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई देने के बाद किसान एवं लोगों को पक्के घर में शरण लेनी चाहिए।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के निदेशक आनंद शंकर ने बताया कि मौसम की वर्तमान गतिविधि एवं माॅडल आकलन के अनुसार राज्य के 11ं जिलों में अगले 72 घंटे के दौरान भारी बारिश एवं वज्रपात की आशंका है। इस कारण नदियों के जल स्तर में वृद्धि, जान-माल की क्षति, यातायात एवं बिजली सेवा बाधित हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सावधानी बरतने एवं सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।