मुख्य समाचार

गांधी सेतु : भारी वाहनों को हाजीपुर की ओर से पटना आने की मिले अनुमति 

पटना। महात्मा गांधी सेतु पर हाजीपुर की ओर से भारी व्यावसायिक वाहनों को पटना आने की अनुमति देने का अनुरोध बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एवं बिहार उद्योग संघ ने किया है। व्यावसायिक संगठनों ने कहा है कि ऐसा नहीं होने से सामान के आवागमन में काफी परेशानी होगी।       

महात्मा गांधी सेतु का पश्चिमी लेन 31 जुलाई से शुरू हो गया है। पथ निर्माण विभाग के पत्र में कहा गया है कि नये लेन पर छोटे एवं भारी वाहनों का परिचालन पटना से हाजीपुर वनवे होगा। पटना की ओर से भारी वाहन हाजीपुर जा सकेंगे, लेकिन हाजीपुर की ओर से पटना नहीं आ सकते हैं। 

चैंबर ऑफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि महात्मा गांधी सेतु पर अधिकतर व्यावसायिक वाहन पटना की ओर से उत्तर बिहार सामान लेकर जाते हैं। उत्तर बिहार की ओर से आनेवाले 90 प्रतिशत मालवाहक वाहन खाली आते हैं या सब्जी और खाद्य पदार्थ लेकर आते हैं। ऐसी परिस्थिति में वाहनों को यदि हाजीपुर की ओर से पटना नहीं आने दिया जाता है, तो सामान के आवागमन में काफी परेशानी होगी और इसका प्रतिकूल प्रभाव कारोबार पर पड़ेगा। 

इस असुविधा से चैंबर ने परिवहन मंत्री, मुख्य सचिव, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं परिवहन विभाग के सचिव को अवगत कराया है। 

बीआईए के एकेपी सिन्हा का कहना है कि हाजीपुर की ओर से बड़ी गाड़ियां पटना कैसे आयेंगी। राज्य सरकार की अधिसूचना में कहा गया है कि नये पश्चिमी लेन पर पटना से हाजीपुर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को अनुमति दी गई है। पूर्वी लेन पर केवल छोटे वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। इस प्रावधान से यह प्रश्न खड़ा हो गया है कि हाजीपुर की ओर से पटना बड़ी गाड़ियों का परिचालन किस मार्ग से होगा। 
 


संबंधित खबरें