मुख्य समाचार

हमारे अधिकारी के साथ जो हुआ, वह ठीक नहीं : सीएम 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हमारे अधिकारी पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी के साथ मुंबई में जो हुआ, वह ठीक नहीं है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड की जांच कोई राजनीतिक मामला नहीं है। बिहार पुलिस अपनी कानूनी जिम्मेवारियों को निभा रही है और उसी के अनुरूप काम हो रहा है। ऐसी परिस्थिति में हमारे डीजीपी मुंबई बात करेंगे। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने पूरी सूचना मुंबई पुलिस को दी है और वे खुद भी वहां बात करेंगे। मुख्यमंत्री पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। राजधानी वाटिका में रक्षा बंधन पर सीएम ने वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर राजधानी वाटिका में पौधारोपण भी किया। 

ज्ञात हो कि सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में जांच के लिए डीजीपी ने दो अगस्त को पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी को मुंबई भेजा था। सिटी एसपी के मुंबई पहुंचने के बाद मुंबई नगर निगम ने उन्हें जबरन क्वारेंटाइन कर दिया। सिटी एसपी के पहले पटना पुलिस की स्पेशल टीम जांच के लिए चार दिन पहले मुंबई पहुंची थी। टीम को जांच में मुंबई पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा था। ऐसी परिस्थिति में सिटी एसपी को मुंबई भेजा गया था। 

रक्षा बंधन पर राजधानी वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एके पांडेय, सचिव मनीष कुमार वर्मा, सचिव सह प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल, एसएसपी उपेंद्र शर्मा, सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें