मुख्य समाचार

कोविड अस्पतालों की लगातार मॉनिटरिंग का निर्देश 

पटना। पटना प्रमंडल के सभी डीएम को कोविड अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा एवं लगातार मॉनिटरिंग का निर्देश आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने दिया है। कंटेनमेंट जोन में निर्धारित मानकों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी उन्होंने जोर दिया। 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा में यह बात आयी कि पटना प्रमंडल के छह जिलों में एक दिन में कोरोना जांच का आंकड़ा 13570 पहुंच गया है। प्रमंडल स्तर पर एंटीजन टेस्ट 11340, ट्रू नेट टेस्ट में 766, आरटी पीसीआर में 1331 एवं प्राइवेट लैब में 133 टेस्ट हुआ है। पटना जिला में 3958, रोहतास में 3334, बक्सर में 2032, नालंदा में 1847, भोजपुर में 1584 एवं कैमूर जिला में 815 टेस्ट एक दिन में किया गया है। 

आयुक्त ने जांच में और तेजी लाने एवं कोविड जांच केंद्रों में पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के लक्षण वाले व्यक्ति अपने निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करायें। इसकी जानकारी लोगों में प्रचारित करने का निर्देश दिया गया।

अस्पतालों में इलाज की समुचित व्यवस्था एवं कुशल प्रबंधन के कारण कोरोना मरीजों के प्रतिदिन ठीक होने की प्रक्रिया जारी है। प्रमंडल स्तर पर प्रतिदिन 549 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। पटना जिला में 267, नालंदा में 113, रोहतास में 79, भोजपुर में 44, बक्सर में 27 एवं कैमूर में 19 व्यक्ति एक दिन में ठीक होकर घर लौटे हैं। आयुक्त ने संक्रमण की स्थिति को देखते हुए सैनिटाइजेशन का कार्य विशेष अभियान के रूप में चलाने का निर्देश दिया। 
 


संबंधित खबरें