पटना। बिहार पृथ्वी दिवस (9 अगस्त) पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने सभी बिहारवासी से पृथ्वी एवं पर्यावरण बचाने का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस दिन हर व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाएं।
9 अगस्त को मुख्यमंत्री राजधानी के आर ब्लाॅक-दीघा छह लेन के किनारे पौधारोपण कर मिशन 2.51 करोड़ पौधारोपण अभियान का समापन करेंगे। राज्य के सभी जिलों से लेकर पंचायत पर संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित कर पौधारोपण व जागरूकता अभियान चलाया जायेगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस बार स्कूल बंद रहने के कारण 11 संकल्पों का आयोजन नहीं हो सकेगा। ऐसे में हर बच्चे स्वयं उन संकल्पों को दोहराएं और एक-एक पौधा लगा कर हरित बिहार के संकल्प को पूरा करें। 2011 से 2019 के बीच राज्य में 22 करोड़ से अधिक पौधे लगाये जा चुके हैं।
इस बार वन व उद्यान विभाग, मनरेगा, कृषि वानिकी और जीविका समूह आदि को 3.77 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए नर्सरियों में सात करोड़ से अधिक पौधे तैयार किये गये हैं। एसएचजी ग्रुप की जीविका दीदी, आंगनबाड़ी केंद्र, राज्य एवं केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, केंद्रीय अर्धसैनिक बल, रेलवे, पावर ग्रिड, एनटीपीसी एवं सरकारी संस्थानों से पौधारोपण की अपील की गई है।