मुख्य समाचार

देवलाली-दानापुर किसान रेल शुरू, किसानों को मिलेगी मदद  

नई दिल्ली। खेत, बाजार और उपभोक्ता को जोड़ने वाली देश की पहली किसान रेल शुक्रवार से शुरू हो गई। साप्ताहिक पार्सल ट्रेन का परिचालन महाराष्ट्र के देवलाली स्टेशन से बिहार के दानापुर तक होगा।  

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये ट्रेन को देवलाली स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2020-21 में शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों के लिए सप्लाई चेन तैयार करने की घोषणा की थी। यह भी कहा था कि भारतीय रेल पीपीपी व्यवस्था के जरिये किसान रेल शुरू करेगा।

देवलाली-दानापुर के बीच हाॅल्ट स्टेशन नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, बुरहानपुर, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, सतना, कटनी, मानिकपुर, प्रयागराज, दीन दयाल उपाध्याय एवं बक्सर हैं। इन स्टेशनों पर फल एवं सब्जियों की लोडिंग एवं अनलोडिंग होगी। इससे छोटे किसान और व्यापारियों कोे अपने कृषि उत्पादों को गंतव्य स्थल तक भेजने में मदद मिलेगी।     

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान रेल से मामूली लागत पर किसानों की फसल देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचेगी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि रेल मंत्रालय खाद्य आपूर्ति श्रृंखला बढ़ाने पर भी काम कर रहा है। इससे किसानों को उनकी फसल की अच्छी कीमत मिल सकेगी। ट्रेनों के गंतव्य स्थल, रूट, स्टॉपेज और फ्रीक्वेंसी का निर्णय कृषि और रेल मंत्रालय संयुक्त रूप से करेगा। 
 


संबंधित खबरें