पटना। फसल बीज का संदिग्ध पार्सल कई देशों से भेजा जा रहा है। ऐसे संदिग्ध पार्सल से प्राप्त बीज का उपयोग काफी खतरनाक हो सकता है। कृषि विभाग ने ऐसे खतरनाक संदिग्ध पार्सलों से राज्यवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसान काॅल सेंटर के टाॅल फ्री नंबर 18001801551 पर सूचना दे सकते हैं।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि भारत सरकार के कृषि मंत्रालय ने इस सबंध में सभी राज्यों को छह अगस्त 2020 को पत्र जारी किया है। पत्र के माध्यम से आगाह किया गया है कि अमेरिका, कनाडा, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड एवं कुछ यूरोपियन देशों से संदिग्ध बीज का पार्सल कई देशों में भेजा जा रहा है। ऐसे संदिग्ध बीजों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया है। ये संदिग्ध बीज पर्यावरण, कृषि पारिस्थितिकी, जैवविवधता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकते हैं।
बिहार सरकार के कृषि निदेशालय ने राज्य के सभी निवासी, जिला पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय, बिहार राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणन एजेंसी, राज्य में कार्यरत सभी बीज एजेंसी को इस संबंध में सतर्कता बरतने के लिए कहा है। संदिग्ध बीज के पार्सल पाये जाने की स्थिति में पार्सल न खोल कर उसे तत्काल नष्ट करने अथवा इसकी सूचना नजदीक के कृषि पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया है।