पटना। राज्य में खाद (उर्वरक) की कोई कमी नहीं है। सभी खाद प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने किसानों से कहा कि निर्धारित मूल्य पर जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें। अधिक खरीद कर स्टाॅक करने की जरूरत नहीं है।
जिलों में खाद की किल्लत की शिकायत पर कृषि विभाग ने राज्य में 1300 दुकानों पर छापेमारी की है। इनमें 435 में अनियमितता पायी गई। चार दुकानदारों पर प्राथमिकी एवं एक का लाइसेंस रद्द किया गया है। 318 दुकानदारों का लाइसेंस निलंबित है। 217 से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डाॅ प्रेम ने कहा कि किसानों को हर परिस्थिति में उचित मूल्य पर ही खाद मिलेगा। राज्य में पाॅश मशीन से ही खाद की बिक्री की जा रही है। उन्होंने जांच टीम को लगातार निरीक्षण करते रहने का निर्देश दिया। खरीफ मौसम में अगस्त तक 7,60,000 तक मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत के विरुद्ध 9,76,250 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित किया गया है।
इसी तरह 2,50,000 डीएपी की जगह 5,26,670 मीट्रिक टन का आवंटन है। 1,40,000 मीट्रिक टन एनपीके एवं 95,000 मीट्रिक टन एमओपी के विरुद्ध क्रमशः 2,01,700 मीट्रिक टन एनपीके एवं 1,56,100 मीट्रिक टन एमओपी आवंटित है।