मुख्य समाचार

समस्तीपुर में डेयरी व आरा में पशु आहार संयंत्र का सीएम ने किया उद्घाटन 

पटना। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (काॅम्फेड) की 221.73 करोड़ रुपये की कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से किया। इनमें दूध संयंत्र, पशु आहार कारखाना, कई उपकरणों का उद्घाटन एवं शिलान्यास तथा सुधा के नये उत्पाद की लांचिंग शामिल है। 

इन संयंत्रों का हुआ उद्घाटन : समस्तीपुर में 61.21 करोड़ रुपये की लागत से पांच लाख लीटर दैनिक क्षमता का डेयरी संयंत्र, आरा जिला के बिहियां में 39.51 करोड़ की लागत से 300 मीट्रिक टन दैनिक क्षमता का पशु आहार कारखाना। 

364 मिल्कोस्क्रीन मशीनों की स्थापना से दूध की शुद्धता की जांच होगी। 15 हजार लीटर क्षमता के 14 रोड मिल्क टैंकरों की खरीद। 8.57 करोड़ की लागत से बांका, जमुई, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, गया, खगड़िया, बेगूसराय, रोहतास एवं आरा में डेयरी संयंत्रों का सुदृढ़ीकरण, एफटीआईआर तकनीक पर आधारित 11 मिल्क एनेलाइजर की खरीद।

पटना एवं समस्तीपुर में सुधा उत्पाद के पाउच एवं बाॅक्स पर तारीख एवं अन्य सूचना एवं लस्सी की पैकिंग मशीन की खरीद और 434 नये कृत्रिम गर्भाधान केंद्र की स्थापना। 

हाजीपुर व गया में डेयरी संयंत्र का शिलान्यास : हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 52.59 करोड़ की लागत से चार लाख लीटर दैनिक क्षमता की डेयरी एवं गया में 26 करोड़ रुपये की लागत से दो लाख लीटर दैनिक क्षमता की डेयरी स्थापना कार्य का शिलान्यास।

सुधा के इन उत्पादों की लांचिंग : आइसक्रीम की नई वैरायटी में बेल्जियम चाॅकलेट, ऑल इन वन, टीक-टोक ऑरेंज एवं चाॅकलेट को जारी किया गया। इनके अलावा पेट बोतल हल्दी दूध, बटर टाॅफी एवं इलायची फ्लेवर्ड मिल्क भी लांच की गई।           

समारोह में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पशु मत्स्य संसाधन एवं कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार, सचिव एन.सरवण कुमार, काॅम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें