मुख्य समाचार

बियाडा ने उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण का लिया निर्णय  

पटना । बियाडा ने राज्य में औद्योगिक विकास से संबंधित सुझाव एवं उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण का निर्णय लिया है। बियाडा की त्वरित कार्रवाई का बिहार उद्योग संघ (बीआईए) ने स्वागत किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने बताया कि बीआईए ने बियाडा का ध्यान कई व्यावहारिक समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया है। बियाडा ने सभी सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए इनके निराकरण का निर्णय लिया है। 

बीआईए की ओर से सुझाव दिया गया है कि बियाडा अपनी खाली जमीन को वेबसाइट पर अपलोड करते समय इस बात को भी स्पष्ट करे कि संबंधित जमीन पर पहले से कंस्ट्रक्शन है और इसका मूल्य जमीन की कीमत के अतिरिक्त होगा। बियाडा अपनी खाली जमीनों की सूची वेबसाइट पर अपलोड करके रखता है। इससे इच्छुक निवेशक अपनी आवश्यकता के अनुरूप ऑनलाइन आवेदन करते हैं। 

साथ ही बियाडा की वेबसाइट पर कई विवादित जमीन अपलोड हैं। विवादित जमीन की सूचना वेबसाइट पर नहीं रहने के कारण उद्यमी आवंटन के लिए आवेदन करते हैं। आवंटन के बाद यदि विवादित जमीन पर कोर्ट का फैसला पुराने आवंटी के पक्ष में आता है, तो समस्या उत्पन्न हो जाती है। नये आवंटी का उस जमीन पर किया गया निवेश कभी-कभी बेकार हो जाता है। बियाडा ने बीआईए के सुझाव के अनुरूप सूचना को वेबसाइट पर अपलोड का निर्णय लिया है। 

बीआईए के अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं के शीघ्र समाधान होने से राज्य में उद्यमियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। इसका लाभ राज्य के औद्योगिकरण में मिलेगा। 

 


संबंधित खबरें