मुख्य समाचार

पटना में एक्सपोर्ट पैक हाऊस के लिए राशि स्वीकृत 

पटना। बिहार के फल एवं सब्जी के निर्यात के लिए राज्य सरकार ने पैक हाऊस की स्थापना का निर्णय लिया है। इसके लिए वित्त वर्ष 2020-21 में 63.54 लाख राशि स्वीकृति की गई है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की देखरेख में कृषि अनुसंधान संस्थान मीठापुर, पटना के परिसर में पैक हाऊस का निर्माण होगा। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि राज्य के किसानों को उनके उत्पाद का अधिक से अधिक मूल्य दिलाने के लिए पैक हाऊस की स्थापना की जा रही है। इससे बिहार के उत्पादों को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। अभी तक यह सुविधा देश के मेट्रो शहर में ही थी। 

केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार एक्सपोर्ट पैक हाऊस का निर्माण होगा। इस पैक हाऊस में राज्य में उत्पादित फल एवं सब्जियों का संग्रहण होगा । मानकों के रूप में हाइजेनिक कंडिशन में छंटाई, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग कर अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप तैयार कर निर्यात किया जायेगा।

फल एवं सब्जियों को बिहार से सीधे विदेशों में भेजा जायेगा। अभी निर्यात के लिए कोलकाता एवं दिल्ली के हवाई अड्डों पर निर्भर रहना पड़ता है। इस अत्याधुनिक पैक हाऊस में 30 मीट्रिक टन का कोल्ड स्टोरेज होगा। सब्जी एवं फलों की ग्रेडिंग के लिए तीन मीट्रिक टन प्रतिघंटा की क्षमता से सफाई की जायेगी। 

पैक हाऊस के साथ पांच मीट्रिक टन क्षमता वाले एसी वाहन की व्यवस्था की जायेगी। इस वाहन से पैक हाऊस से हवाई अड्डा तक फल एवं सब्जियों को ले जाया जायेगा। पैक हाऊस की स्थापना से जैविक फल एवं सब्जी के उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पैक हाऊस एपीडा से मान्यता प्राप्त होगा।


संबंधित खबरें