पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 सितंबर को बिहार में कृषि, मत्स्य एवं पशुपालन से जुड़ी 294.53 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे । 25 सितंबर तक पांच चरणों में अन्य विभागों की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री 10 सितंबर को मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 107 करोड़ की लागत की परियोजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही सीतामढ़ी के डुमरा में मछली बीज फार्म, रोग निदान और गुणवत्ता परीक्षण के लिए किशनगंज में मत्स्य पालन काॅलेज और पटना स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में जलीय रेफरल प्रयोगशालाएं, मधेपुरा में मत्स्य चारा मिल, पटना के मसौढ़ी में फिश ऑन व्हील्स और कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में समेकित मात्स्यिकी उत्पादन प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री उसी दिन राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत 84.27 करोड़ की लागत से पूर्णिया सीमेन स्टेशन, 8.06 करोड़ की लागत से बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना में इम्ब्रयो ट्रांसफर टेक्नोलाॅजी (ईटीटी) एवं आईवीएफ लैब तथा 2.13 करोड़ की लागत से बेगूसराय, खगड़िया, समस्तीपुर, नालंदा एवं गया में सीमेन परियोजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, समस्तीपुर में 74 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।