मुख्य समाचार

दूध उत्पादन में बना कीर्तिमान, काॅम्फेड से जुड़े 12.35 लाख उत्पादक      

पटना। बिहार में दूध का उत्पादन गत दो दशक में लगभग 8 प्रतिशत की दर से बढ़ा है जबकि राष्ट्रीय औसत 4.8 प्रतिशत है। यह देश में सर्वाधिक है। राजस्थान 6.8 प्रतिशत वृद्धि दर के साथ दूसरे एवं मध्यप्रदेश 6.7 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में काॅम्फेड के जरिये दूध संग्रह का काम हो रहा है। दूध उत्पादकों का क्षमता विकास काॅम्फेड का प्रमुख कार्य है। कृषि मंत्री सुधा के नये उत्पादों की लांचिंग के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। आयोजन बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के सभागार में किया गया। इस अवसर पर काॅम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव भी मौजूद थीं।

डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि काॅम्फेड से जुड़ी दूध समितियों की संख्या 24,223 है। इससे 12.35 लाख दूध उत्पादक जुड़े हैं। इन समितियों ने जुलाई, 2020 तक 18.09 लाख किलो दूध प्रतिदिन प्राप्त किया है। काॅम्फेड के कार्यक्षेत्र के कुछ जिले दूध संग्रह में काफी अच्छा कर रहे हैं। 

बेगूसराय ने चार लाख किलो के आंकड़े को पार कर लिया है। समस्तीपुर ने भी 4 लाख किलोग्राम दूध के संग्रहण के आंकड़े को लगभग छू लिया है। काॅम्फेड के विक्रय केंद्रों की संख्या 21977 हो गई है। इसके उत्पाद बिहार के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, गुवाहाटी एवं उत्तर-पूर्व के राज्यों में भी उपलब्ध हैं। 
 


संबंधित खबरें