पटना। मीठापुर में 23.80 एकड़ में बने राज्यस्तरीय कृषि भवन समेत तीन परियोजनाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कृषि भवन की लागत 125.23 करोड़ है। इस अवसर पर बिहान एप्प का लोकार्पण एवं बिहार एग्री इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
राज्य स्तरीय कृषि भवन की आधारशिला 14 फरवरी, 2014 को रखी गई थी। परिसर में निर्मित सभी भवनों की डिजाइन ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित है। सीवरेज ट्रीटमेंट से निकले जल का उपयोग बागवानी में किया जाएगा। पूरे परिसर में हरित क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गयी है। इस अवसर पर डिप्टी सीएम, विधानसभा अध्यक्ष, कृषि मंत्री, सीएम के परामर्शी, मुख्य सचिव, कृषि सचिव एवं कई विभागों के सचिव मौजूद थे।
पाटलिपुत्र बस टर्मिनल : पटना-गया मार्ग पर पहाड़ी स्थित पाटलिपुत्र बस टर्मिनल का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रिमोट के माध्यम से आरा, औरंगाबाद, नवादा एवं झाझा के बस अड्डों का भी उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि इतना बड़ा बस टर्मिनल शायद ही कहीं मिलेगा। टर्मिनल में सभी सुविधाओं और सेफ्टी का ध्यान रखा गया है। बस टर्मिनल की कार्यकारी एजेंसी बुडको है। टर्मिनल का निर्माण 25.02 एकड़ में किया गया है। यहां से बिहार एवं अन्य राज्यों के लिए लगभग 3,000 बसों का परिचालन होगा।
जयप्रभा मेदांता हाॅस्पिटल : पीपीपी माॅडल पर बने कंकड़बाग स्थित जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डाॅ नरेश त्रेहान भी जुड़े हुए थे। जयप्रभा मेदांता के सीईओ डाॅ पंकज साहनी ने सीएम को सम्मानित किया।
जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल का काम मई 2016 में शुरू हुआ था। ओपीडी में इंटरनल मेडिसिन, नेफ्रोलाॅजी एवं काॅर्डियोलाॅजी कंसल्टेशन सेवा शुरू हो गई है। टेलिमेडिसिन के जरिये मेदांता गुरुग्राम के वरिष्ठ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध होंगी ।