पटना। बिहार का कुकरी बिगहा गांव देश का पहला माॅडल न्यूट्रिशनल विलेज होगा। कुकरी बिगहा गांव पटना जिला के दुल्हिन बाजार प्रखंड अंतर्गत उल्लार सोरंगपुर पंचायत में है। गांव में इस वर्ष से बायोफोर्टिफाइड किस्म के फसलों की खेती जैविक तरीके से की जायेगी। इसका शुभारंभ 20 सितंबर को कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार करेंगे।
कुकरी बिगहा गांव में 1800 किसान परिवार रहते हैं। हार्वेस्ट प्लस के सहयोग से रूरल डेवलपमेंट काउंसिल इस कार्य में किसानों की मदद करेगी। इस गांव में सभी फसलों की खेती पूरी तरह से जैविक तरीके से की जायेगी। वैज्ञानिकों ने बायोफोर्टिफाईड फसलों की ऐसी किस्म तैयार की है, जिसमें सामान्य फसलों कीे अपेक्षा अधिक मात्रा में सूक्ष्म पोषक तत्व मौजूद रहते हैं। इस प्रयास से राज्य में कुपोषण की समस्या में कमी आयेगी और किसानों को आर्थिक लाभ होगा।
डाॅ प्रेम ने बताया कि बामेती गांव के किसानों को बायोफोर्टिफाइड खेती का प्रशिक्षण देगा। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी खेत की जुताई में मदद करेगी। किसानों को बायोफोर्टिफाइड बीज भी उपलब्ध कराया जायेगा।