मुख्य समाचार

महिंद्रा कंपनी ने लौंगी भुइयां को ट्रैक्टर देकर किया सम्मानित 

गया। कर्म योद्धा लौंगी भुइयां को महिंद्रा कंपनी ने ट्रैक्टर देकर सम्मानित किया है। गया जिला के इमामगंज के कोठीलवा गांव निवासी लौंगी भुइयां ने 30 साल की मेहनत के बाद एक नहर की खुदाई कर दी। इससे बारिश का पानी खेत तक पहुंचने लगा। इसका लाभ अब गांव वालों को मिल रहा है। पहाड़ काट कर रास्ता बनाने वाले दशरथ मांझी गया जिला के गहलौर गांव से थे। इसी जिला के लौंगी भुइयां ने भी कुछ ऐसा ही कर अपनी पहचान बनायी है।  

महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के चेयरमैन आनंद महिंद्रा को लौंगी भुइयां के बुलंद इरादों की जानकारी मिली। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उनको ट्रैक्टर देना मेरा सौभाग्य होगा। उनकी मेहनत से तैयार नहर किसी स्मारक जैसे ताजमहल या पिरामिड जैसा असरदायक होगा।  

गया स्थित सिद्धार्थ ट्रैक्टर्स शोरूम में लौंगी भुइयां को कंपनी के स्टेट हेड आशीष श्रीवास्तव ने ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इस मौके पर सिद्धार्थ ट्रैक्टर्स के सिद्धनाथ भी मौजूद थे। 

लौंगी भुइयां ने कहा कि कभी सोचा नहीं था कि इस तरह सम्मान मिलेगा। ट्रैक्टर की इच्छा थी, जिसे महिंद्रा कंपनी ने पूरा कर दिया। इसके लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक समय गांव के अधिकतर लोग रोजगार के लिए बाहर चले गए। सोचा कि अगर गांव में पानी आ जाए, तो पलायन रुक सकता है और मैं इस काम में जुट गया। 


संबंधित खबरें