मुख्य समाचार

ऑप्टिकल फाइबर से हर गांव में मार्च तक इंटरनेट सुविधा

पटना/नई दिल्ली। बिहार के हर गांव में मार्च 2021 तक ऑप्टिकल फाइबर से इंटरनेट सुविधा मिलने लगेगी। सभी 45,945 गांवों को इस सुविधा से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार 640 करोड़ राशि खर्च करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से इस सुविधा का शुभारंभ किया। 

साथ ही 14,260 करोड़ रुपये की लागत से 350 किलोमीटर लंबी नौ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)  परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, वी.के. सिंह एवं आर.के. सिंह, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भी शामिल हुए। 

एनएच परियोजनाओं में हाइवे को चार और छह लेन करने और नदियों पर तीन बड़े पुलों का निर्माण शामिल है।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के गांवों को आत्मनिर्भर भारत का मुख्य आधार बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यह कार्यक्रम पूरे देश के लिए है, लेकिन इसकी शुरुआत बिहार से हो रही है। योजना के तहत 1000 दिनों में देश के छह लाख गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। ऑप्टिकल फाइबर से जब गांवों में तेज इंटरनेट पहुंचेगा, तो पढ़ाई में आसानी होगी। टेलीमेडिसिन के माध्यम से सुदूर गांवों में भी सस्ता और प्रभावी इलाज दिलाना संभव हो सकेगा।

नदियों पर बनने वाले पुल : महात्मा गांधी सेतु (एनएच 19) के समानांतर चार लेन का पुल बनेगा। इसकी लंबाई 14 किलोमीटर और लागत 2927 करोड़ है। विक्रमशिला सेतु (एनएच 131) के समानांतर चार लेन के पुल की लंबाई पांच किलोमीटर और लागत 1110 करोड़ है। कोसी नदी पर चार लेन का नया पुल (एनएच 106) बनेगा। इसकी लंबाई 29 किलोमीटर और लागत 1478 करोड़ है। 

इन सड़कों का होगा निर्माण : छह लेन का पटना रिंग रोड रामनगर-कन्हौली (एनएच 131 जी, लंबाई 39 किलोमीटर), चार लेन का नरेनपुर-पूर्णिया मार्ग (एनएच 131 ए, लंबाई 49 किलोमीटर), चार लेन का परारिया-मोहनियां मार्ग (एनएच 30, लंबाई 61 किलोमीटर), चार लेन का आरा- परारिया मार्ग (एनएच 30, लंबाई 55 किलोमीटर), चार लेन का बख्तियारपुर-रजौली मार्ग, पैकेज 3 (एनएच 31, लंबाई 51 किलोमीटर), चार लेन का बख्तियारपुर-रजौली मार्ग, पैकेज 2 (एनएच 31, लंबाई 47 किलोमीटर)।         
 


संबंधित खबरें