नई दिल्ली। सीमेंट कंपनियों को सार्वजनिक उपक्रम एनटीपीसी ने फ्लाई ऐश की आपूर्ति शुरू कर दी है। एनटीपीसी के रिहंद थर्मल पावर स्टेशन ने हाल में असम के नागांव स्थित डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के संयंत्र में 3834 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश भेजी है। इससे पहले एसीसी सीमेंट कंपनी के टिकरिया (यूपी), कोमोर (एमपी) और रोपड़ (पंजाब) संयंत्रों के लिए भी फ्लाई ऐश भेजी गई थी।
सीमेंट कंपनियों को फ्लाई ऐश की आपूर्ति बिजली उत्पादन के दौरान अवशेष के रूप में निकलने वाले राख के 100 प्रतिशत उपयोग करने की योजना के अनुसार है। एनटीपीसी किफायती और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से फ्लाई ऐश को देश में भेजने के लिए रेलवे नेटवर्क का भी लाभ ले रही है।
वित्तीय वर्ष 2019-20 में लगभग 44.33 मिलियन टन फ्लाई ऐश का उपयोग विभिन्न लाभकारी उद्देश्यों के लिए किया गया था। एनटीपीसी से बिजली उत्पादन के दौरान सालाना लगभग 65 मिलियन टन राख निकलता है। इसमें 80 प्रतिशत (लगभग 52 मिलियन मीट्रिक टन) फ्लाई ऐश होता है। वर्तमान में कुल राख का लगभग 73 प्रतिशत उपयोग सीमेंट और फ्लाई ऐश ईंटों के निर्माण, सड़क तटबंध बनाने, खदान भरने, निम्न भूमि को विकसित करने और राख से खाई को पाटने के लिए किया जा रहा है।