मुख्य समाचार

नीतीश चुने गए एनडीए के नेता, 16 नवंबर को लेंगे शपथ

पटना। एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने उनके नाम की घोषणा की। इस तरह नीतीश कुमार सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बैठक के बाद नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राजभवन जाने वालों में उनके साथ घटक दल हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी थे।   

राजभवन से लौटने के बाद नीतीश कुमार ने बताया कि 16 नवंबर (सोमवार) को अपराह्न 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा। एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी राज्यपाल को दी गई है। डिप्टी सीएम और मंत्री पद पर निर्णय आज हो जाएगा। इसकी सूचना राजभवन को आज या कल सुबह तक भेज दी जाएगी। 

उन्होंने कहा कि एनडीए की बैठक में बिहार का आगे और कैसे विकास हो। इस पर चर्चा हुई। इसके लिए सभी को मिलकर अच्छे ढंग से काम करना होगा। स्पीकर पद पर उन्होंने कहा कि अभी इसका निर्णय नहीं हुआ है। कैबिनेट की बैठक में हाउस शुरू होने का निर्णय लिया जाएगा। इससे नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण हो सकेगा।   

इधर, भाजपा विधायक दल की बैठक में कटिहार से विधायक तार किशोर प्रसाद को भाजपा विधानमंडल का नेता और बेतिया की विधायक रेणु देवी को उपनेता चुना गया। सुशील कुमार मोदी ने दोनों नेताओं के चयन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया है कि शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे जो भी जिम्मेवारी मिलेगी। उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद, तो कोई छीन नहीं सकता
 


संबंधित खबरें