पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 14 मंत्रियों को राज्यपाल फागू चौहान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजभवन के राजेंद्र मंडप में आयोजित समारोह में बीजेपी से सात, जदयू से पांच, हम एवं वीआईपी से एक-एक ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी से तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी डिप्टी सीएम बनाए गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। आरजेडी की ओर से शपथ ग्रहण में कोई शामिल नहीं हुआ।
नीतीश कुमार ने लगातार चौथी बार (24 नवंबर 2005 से 16 नवंबर 2020) मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अब तक उनका यह सातवां शपथ ग्रहण (3 मार्च 2000 से 16 नवंबर 2020) है। समारोह में उनके बाद तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी ने शपथ ली। तारकिशोर प्रसाद कटिहार से और रेणु देवी बेतिया से चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
जदयू से बने मंत्री : विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, मेवालाल चौधरी, शीला कुमारी।
बीजेपी से बने मंत्री : डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, मंगल पांडेय, अमरेंद्र प्रताप सिंह, रामप्रीत पासवान, जीवेश कुमार, रामसूरत कुमार ।
हम : संतोष कुमार सुमन
वीआईपी : मुकेश सहनी

पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार को सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपके नेतृत्व में बिहार और आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री का सहयोग बिहार को हमेशा मिलता रहेगा। मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी को उन्होंने बहुत-बहुत बधाई दी है।
समारोह में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय एवं अश्विनी चौबे, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव एवं डाॅ प्रेम कुमार समेत कई पूर्व मंत्री, एनडीए के विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव एवं राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।