मुख्य समाचार

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार सतर्क : सीएम

पटना/नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन एवं संक्रमण से बचाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्य सरकार पूरी सतर्कता बरतते हुए काम कर रही है। वैक्सीन उपलब्ध होने पर लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थित रूप से तैयारी की जा रही है। 

इस दौरान नीति आयोग के सदस्य डाॅ विनोद कुमार पॉल ने वैक्सीन के डेवलपमेंट एवं केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कोविड की मौजूदा स्थिति पर प्रेजेंटेशन दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कोविड-19 टीका की आपूर्ति, वितरण और टीकाकरण की व्यवस्था पर चर्चा हुई। 

प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार टीके के विकास के काम पर करीब से नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि जैसे कोविड के खिलाफ हर व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। उसी तरह टीका हर व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होगी। सरकारों को सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना होगा कि टीकाकरण अभियान सहज, व्यवस्थित और सतत आधार पर चलाया जाए।

अतिरिक्त शीत गृह भंडारण संबंधित जरूरतों पर भी राज्यों के साथ मशविरा किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से कहा कि बेहतर नतीजे पाने के लिए राज्य स्तरीय संचालन समिति और जिला स्तरीय कार्य बल की नियमित निगरानी की जाए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने इस महामारी का सामना समन्वित प्रयासों से किया। रोगी के ठीक होने एवं मृत्यु दर के मामले में भारत की स्थिति अन्य देशों से बेहतर है। पीएम केयर फंड का मुख्य जोर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने पर रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों को ऑक्सीजन उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। 160 से अधिक नये ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने कहा कि आरटी-पीसीआर टेस्ट बढ़ाना, घर में आइसोलेट लोगों की बेहतर निगरानी, गांव और सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों को सभी सुविधाओं से लैस करना जरूरी है। वायरस से सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाते रहना बेहद जरूरी है। हमारा लक्ष्य मृत्यु दर को एक प्रतिशत से भी नीचे लाना होना चाहिए। 
 


संबंधित खबरें