आरा/पटना/नई दिल्ली। आरा जिले के कोइलवर में सोन नदी पर बने नये पुल का उद्घाटन केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया। तीन लेन के 1.5 किलोमीटर लंबे पुल की लागत 266 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की।
रेल और सड़क यातायात के लिए वर्तमान दो लेन वाला पुल 158 साल पुराना है। इस पुराने पुल की जगह छह लेन के पुल का निर्माण हो रहा है। पुल के तीन लेन को आज जनता के लिए खोल दिया गया है। तीन लेन के दूसरे मार्ग के पूरा होने के बाद एनएच 922 और 30 पर यातायात में काफी सुविधा हो जाएगी। यह पुल बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन का एक प्रमुख मार्ग है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार में 30,000 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य चल रहा हैं। भूमि अधिग्रहण के मुआवजे के लिए 4600 करोड़ रुपये जारी की गई है। प्रधानमंत्री पैकेज के तहत 1459 किलोमीटर लंबी 24 परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें 875 किलोमीटर पर काम चल रहा है।
इसके तहत 125 किमी का टेंडर जारी किया जा चुका है और अगले मार्च तक 459 किलोमीटर लंबी परियोजनाओं के लिए भी टेंडर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले छह वर्षों में सेंट्रल रोड फंड (सीआरएफ) कार्यों के लिए 2,097 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इस राशि से अब तक 1281 करोड़ जारी किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुल के उद्घाटन के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब नये पुल से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ की स्वीकृति से भी बिहटा एयरपोर्ट जाने में भी काफी सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की मांग पर लखनऊ से गाजीपुर तक बनने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बक्सर तक विस्तार करने की अनुमति मिली है। बक्सर से वाराणसी तक चार लेन सड़क निर्माण से बिहारवासियों को वाराणसी जाने में आसानी होगी।
सीएम ने कहा कि जमीन अधिग्रहण में राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। मेरा आग्रह है कि बिहार में जमीन अधिग्रहण के दौरान कीमत निर्धारण में केंद्र उदारता बरते। केंद्र सरकार की निर्धारित राशि से संतुष्ट नहीं होने पर किसानों को राज्य सरकार भी अपनी तरफ से राशि देती रही है।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री डॉ वी.के.सिंह, अश्विनी चौबे एवं आरके सिंह, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय एवं सांसद रामकृपाल यादव ने भी संबोधित किया।